देहरादून। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाली रैतिक परेड की रिहर्सल का शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी देहरादून ने कहा कि गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह को लेकर सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए समय से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण की जाएं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की प्रॉपर चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया जाए तथा किसी भी व्यक्ति को ज्वलनशील या प्रतिबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति न दी जाए। साथ ही अतिथियों एवं आमजन के वाहनों की पार्किंग पूर्व में चिन्हित पार्किंग स्थलों में ही कराई जाए।
इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में कुल 10 प्लाटून भाग ले रही हैं, जिनमें आर्मी, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, हिमाचल पुलिस, 40वीं वाहिनी पीएसी (पुरुष व महिला), होमगार्ड, पीआरडी, एनसीसी बॉयज एवं एनसीसी गर्ल्स की प्लाटून शामिल हैं।
पुलिस प्रशासन द्वारा समारोह को शांतिपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।