ज्योतिर्मठ
तपोवन विष्णुगाड हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में 76वाँ गणतंत्र दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विभागाध्यक्ष मानव संसाधन सुश्री सुगाता दासगुप्ता द्वारा कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख श्री अजय कुमार शुक्ला को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ।
इसके उपरांत परियोजना प्रमुख श्री अजय कुमार शुक्ला ने ध्वज प्राचीर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के साथ ही पूरा परिसर राष्ट्रगान की गूंज से राष्ट्रमय हो उठा। इस अवसर पर सीआईएसएफ की टुकड़ी द्वारा सलामी शस्त्र प्रस्तुत कर राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान दिया गया।
अपने उद्बोधन में परियोजना प्रमुख ने सभी कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें टीम भावना के साथ एकजुट होकर कार्य करने तथा परियोजना के लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान परियोजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख श्री अजय कुमार शुक्ला द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही माह अक्टूबर 2025 में सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा साइबर सुरक्षा विषय पर आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विभागाध्यक्ष मानव संसाधन सुश्री सुगाता दासगुप्ता ने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षाकर्मियों का आभार व्यक्त किया।