देहरादून। देहरादून के पलटन बाजार स्थित मच्छी बाजार में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना से हड़कंप मच गया। शादीशुदा युवक ने धारदार हथियार से एक युवती पर हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। सरेआम हुई इस वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया और व्यापारियों ने विरोध में बाजार बंद कर दिया।
पुलिस के अनुसार, गोविंदगढ़ निवासी 23 वर्षीय गुंजन सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे ड्यूटी के लिए घर से निकली थी। वह एक डेंटल डॉक्टर के यहां कार्यरत थी। जैसे ही वह अंसारी मार्ग, दूल्हा बाजार के पास पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे मन्नूगंज, खुड़बुड़ा निवासी आकाश कुमार (27) ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गले पर गंभीर वार से गुंजन लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
*आरोपी शादीशुदा, एक बच्चे का पिता*
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला एकतरफा प्रेम-प्रसंग या आपसी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है।
*पुलिस सुन लेती तो बच जाती जान*
घटना के बाद घटनास्थल और अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई। मृतका के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। परिजनों का कहना है कि गुंजन ने दो दिन पहले ही खुड़बुड़ा चौकी में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
परिजनों का आरोप है कि यदि पुलिस समय रहते कदम उठाती, तो गुंजन की जान बचाई जा सकती थी।
*व्यापारियों का विरोध, बाजार बंद*
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से व्यापारियों में भारी आक्रोश है। विरोध स्वरूप मच्छी बाजार, दूल्हा बाजार और आसपास की अधिकांश दुकानें बंद रहीं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
“आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।”
अजय सिंह
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
देहरादून