देहरादून। तिब्बती मार्केट के पास युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में दून पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस मुठभेड़ में दो मुख्य शूटर घायल हो गए, जबकि साजिश में शामिल मृतक की मां समेत तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। हत्या की सुपारी 12 लाख रुपये में दी गई थी।
एसएसपी देहरादून ने बताया कि 11 फरवरी को सुबह करीब 10:30 बजे डालनवाला क्षेत्र के तिब्बती मार्केट के पास गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घायल अवस्था में उन्हें दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा की तहरीर पर अर्जुन शर्मा की मां बीना शर्मा, विनोद उनियाल, उनकी पत्नी संगीता उनियाल और डॉ. अजय खन्ना के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि अर्जुन शर्मा का अपनी मां और उनके सहयोगियों से संपत्ति और पैसों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
सीसीटीवी फुटेज में स्कूटी सवार दो बदमाशों द्वारा वारदात को अंजाम देना सामने आया। चेकिंग के दौरान रायपुर के लाडपुर क्षेत्र और डोईवाला के लालतप्पड़ में पुलिस से मुठभेड़ हुई। दोनों बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में उनके पैर में गोली लगी। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम पंकज राणा और राजीव उर्फ राजू बताया, दोनों सगे भाई हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि बीना शर्मा, विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना ने अर्जुन शर्मा की हत्या की साजिश रची थी। अजय खन्ना और बीना शर्मा के बीच जीएमएस रोड स्थित संपत्ति को लेकर 14 करोड़ रुपये की डील हुई थी, जिसमें आठ करोड़ रुपये दिए जा चुके थे। अर्जुन शर्मा ने संपत्ति बिक्री पर अदालत से रोक लगवा दी थी, जिससे विवाद बढ़ गया। आरोपियों ने दो शूटरों को 12 लाख रुपये की सुपारी दी थी, जिसमें तीन लाख रुपये एडवांस दिए गए थे। शूटरों ने रेकी कर 11 फरवरी को अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने दोनों शूटरों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। साथ ही बीना शर्मा, विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है।