देहरादून। जनपद में हुए चर्चित हत्याकांड के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर शहर से लेकर देहात तक सभी थाना क्षेत्रों में बदमाशों की धरपकड़ के लिए लगातार नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत तड़के सुबह पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी और दो बदमाशों को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में नाकेबंदी के दौरान एक संदिग्ध बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तत्काल कोरोनेशन चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
वहीं दूसरी घटना में लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार एक बदमाश को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह वापस मुड़कर भाग गया और एक खंडहर फैक्ट्री में घुसकर पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने लगा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस मुठभेड़ में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी।
दोनों घटनाओं की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी देहरादून स्वयं कोरोनेशन चिकित्सालय पहुंचे और अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। फिलहाल दोनों से लगातार पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।