दिल्ली धमाके के बाद उत्तराखंड में हाई अलर्ट,  रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर चेकिंग दिल्ली धमाके के बाद उत्तराखंड में अलर्ट जारी

खबरे शेयर करें:

दिल्ली धमाके के बाद उत्तराखंड में हाई अलर्ट,

 

रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर चेकिंग दिल्ली धमाके के बाद उत्तराखंड में अलर्ट जारी

 

, भीड़भाड़ वाले इलाके में पुलिस ने बढ़ाई चौकसी, ट्रेन से लेकर हर गाड़ी की हो रही चेकिंग

देहरादून: दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके में कई लोगों की मौत हुई है। जबकि, कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. वहीं, दिल्ली धमाके के बाद कई राज्यों में हाई अलर्ट जारी किया गया है. उत्तराखंड में भी हाई अलर्ट जारी किया गया है. जिसके बाद पुलिस सघन चेकिंग अभियान चला रही है।

दिल्ली धमाके के बाद मुंबई, उत्तर प्रदेश, कोलकाता के अलावा उत्तराखंड में भी हाई अलर्ट जारी किया गया है. एडीजी वी मुरुगेशन के मुताबिक, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर सघन चेकिंग शुरू करने के निर्देश दिए हैं. बॉर्डर इलाकों में गश्त और निगरानी बढ़ाई गई है. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है.

 

वहीं, उत्तराखंड के डीजीपी दीपम सेठ ने ईटीवी भारत को बताया जैसे ही दिल्ली में हुए धमाके की सूचना मिली. वैसे ही उत्तराखंड पुलिस में भी अलर्ट जारी कर दिया गया. उन्होंने बताया कि वायरलैस पर ही सभी एसएसपी, एसपी को अलर्ट कर दिया गया है. इसके साथ ही उत्तराखंड के सभी बॉर्डर एरिया को सील कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

डीजीपी सेठ ने बताया कि उत्तराखंड पुलिस हेडक्वार्टर में मौजूद पुलिस कंट्रोल रूम से सारी सिचुएशन पर नजर रखी जा रही है. खासकर देहरादून के सभी भीड़भाड़ वाले इलाकों में नजर रखी जा रही है. उन्होंने बताया कि पुलिस की चेकिंग टीम रेलवे स्टेशन, मॉल और सभी भीड़भाड़ वाले सभी इलाकों में चेकिंग अभियान चला रही है. इसके अलावा हर तरह की सूचनाओं पर नजर रखी जा रही है।

 

उन्होंने ये भी बताया कि पुलिस लगातार अलर्ट पर है और देर रात तक यह जारी रहेगा. हालात सामान्य होने के बाद ही अलर्ट को रिलीज किया जाएगा. वहीं, फिलहाल, राज्य के सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर अंतरराष्ट्रीय एवं अंतरराज्यीय सीमाओं, संवेदनशील स्थलों, धार्मिक स्थलों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, मॉल समेत अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान को अंजाम दिया जा रहा है।

सभी जिला प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने, गश्त एवं चेकिंग बढ़ाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना एवं सोशल मीडिया की लगातार मॉनिटरिंग कर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है. सभी जिलों में चीता मोबाइल यूनिट्स, पेट्रोल कार, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को सक्रिय कर दिया गया है। डीजीपी दीपम सेठ ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें. शांति बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 पर दें।

उधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली में हुई विस्फोट की घटना को बेहद दुखद बताया है. साथ ही हताहत एवं घायल लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है. सीएम धामी ने इस घटना के मद्देनजर उत्तराखंड के डीजीपी को पुलिस को हाई अलर्ट पर रखने, पूरी सतर्कता बरतने और राज्य की सीमाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए. हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए. मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी स्थिति में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *