1 जून से पर्यटको के लिये खुलेगी फूलों की घाटी
पार्क प्रशासन की गश्त टीम ने घाटी का किया निरीक्षण
देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जनपद में स्थित भ्यूंडार वैली में मौजूद विश्व प्राकृतिक धरोहर स्थल फूलों की घाटी राष्ट्रीय पार्क के मुख्य प्रवेश द्वार आगामी ग्रीष्मकाल सीजन के लिए एक जून को आम पर्यटकों के लिए खोल दिए जाएंगे। अपनी प्राकृतिक आवास में ही खूबसूरत अल्पाइन पुष्पों की सैकड़ों दुर्लभ प्रजातियों के खिलने और भरपूर जैव विविधता के लिए प्रसिद्ध फूलों की घाटी राष्ट्रीय पार्क में प्रत्येक सीजन में हजारों की संख्या में प्रकृति प्रेमियों और देशी विदेशी पर्यटकों की आमद होती है। जिससे पार्क प्रशासन को अच्छा राजस्व भी मिलता है। इस सीजन के लिए घाटी खुलने से पूर्व वैली की ताजा स्थिति का जायजा लेने के लिए पार्क प्रशासन की एक विशेष गश्त टीम रेंज ऑफिसर चेतना कांडपाल के मार्ग दर्शन में घाटी में पसरे हिम खंडों को बमुश्किल पार कर घाटी का जायजा लेकर मुख्यालय लौट आया है। जिसके बाद नन्दा देवी राष्ट्रीय पार्क प्रशासन द्वारा शीतकाल में बर्फबारी और ग्लेशियर के मूवमेंट के चलते क्षतिग्रस्त हुए पैदल संपर्क मार्गों को आवाजाही हेतु दुरुस्त करने का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है।