मुख्यमंत्री ने किया उत्तराखंड जनजातीय महोत्सव में प्रतिभाग

खबरे शेयर करें:

मुख्यमंत्री ने किया उत्तराखंड जनजातीय महोत्सव में प्रतिभाग

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड देहरादून में राज्य जनजातीय शोध संस्थान द्वारा आयोजित उत्तराखण्ड जनजातीय महोत्सव-2025 कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड आदि गौरव सम्मान पुरस्कार – 2025 से लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी एवं किशन महीपाल को सम्मानित किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनजातीय शोध संस्थान के सफल संचालन हेतु जनजातीय शोध संस्थान के ढांचे को स्वीकृति प्रदान करने और जनजातीय युवक-युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने तथा रोजगार की दिशा में काम करने हेतु मुख्यमंत्री जनजाति रोजगार उत्कर्ष योजना के संचालन के लिये प्रतिवर्ष 1 करोड़ रुपए की धनराशि दिए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने देशभर के विभिन्न जनजाति समाज द्वारा बनाए गए उत्पादों पर आधारित स्टॉलों का भी अवलोकन किया। उन्होंने जनजातीय शोध संस्थान द्वारा किए गए कार्यों पर आधारित लघु फिल्म का भी अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय महोत्सव, प्रदेश के सांस्कृतिक वैभव और जनजातीय परंपराओं को जीवंत रखने का प्रयास है। ऐसे आयोजनों से हमें जनजातीय समाज की समृद्ध परंपराओं को देखने, समझने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की भूमि प्राकृतिक सौंदर्य के साथ समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए भी जानी जाती है। हमारे राज्य में मुख्य रूप से थारू, भोटिया, जौनसारी राजी एवं वोक्सा जनजातियां निवास करती हैं। जिनकी परंपराएं, लोक कला, हस्तशिल्प, लोक गीत, नृत्य और खानपान हमारी संस्कृति को अद्वितीय पहचान देते हैं। राज्य सरकार उत्तराखण्ड में आदिवासी समाज के विकास के लिए रात-दिन कार्य करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *